अमरोहा के चौधरपुर में हाइवे किनारे शव की जांच करती पुलिस। अमर उजाला
- फोटो : amar ujala
लगभग 25 वर्षीय एक युवती की हत्याकर लाश को स्ट्राली बैग में बंद कर हाईवे किनारे फूंक दिया गया। जिवाई पुलिस चौकी से पांच सौ मीटर दूर हाईवे किनारे चौधरपुर में युवती की जली हुई लाश मिलने से क्षेत्र में सनसनी मच गई। स्ट्राली बैग के साथ लाश भी पूरी तरह से जल चुकी थी। आसपास के ग्रामीण इकट्ठा हो गए। सूचना पाकर डिडौली कोतवाली पुलिस पहुंची। घंटों बाद भी शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मुरादाबाद की एक कंपनी की चौधरपुर में नेशनल हाईवे किनारे जमीन है। इस पर चौधरपुर का ही यामीन खेती करता है। इसमें चरी की फसल खड़ी थी जो अब कट गई है। सुबह यामीन चारा लेने गया तो एक पूरी तरह से जला एक शव देख कांप उठा। उसके शोर मचाने पर ग्रामीण इकट्ठा हो गए। चूंकि मामला नेशनल हाईवे किनारे का था, लिहाजा भीड़ लग गई।
जली लाश मिलने की खबर जंगल में आग की तरह फैलने के साथ ही क्षेत्र में सनसनी मच गई। आधी रात के बाद हुई इस वारदात का किसी को पता भी नहीं चला। स्ट्रॉली बैग के अवशेष और पहिये शव के नीचे दबे थे। बैग जल जाने के बाद लाश बाहर आ गई थी।
सूचना पाकर कोतवाल अजीत रौरिया पुलिस के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। लोगों से जानकारी करने के अलावा जांच पड़ताल की। घंटों बाद भी शिनाख्त नहीं होने पर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कोतवाल अजीत रौरिया ने बताया कि महिला का शव जलकर ठंडा हो गया था। घटना रात के ढाई-तीन बजे की प्रतीत हो रही है। उसकी शिनाख्त नहीं हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।