अमरोहा। छह महीने पहले हुई गल्ला व्यापारी के बेटे की हत्या भी सुपारी किलर नासिर उर्फ कालिया ने अपने साथी के साथ मिलकर की थी। 22 हजार के रुपये लिए हत्या की वारदात को अंजाम दिया और शव गन्ने के खेत में फेंक दिया था। जेब से मिले रुपयों का बंदरबाट कर फरार हो गए थे।
एसपी डॉ विपिन ताडा ने बताया कि दो जनवरी को डिडौली कोतवाली क्षेत्र के सलारपुर माफी निवासी सतवीर सिंह बेटा रितिक उर्फ छोटू(15) की उसके जूतों के फीते से गला दबाकर हत्या कर दी गई थी। उसका शव गांव से कुछ दूर गन्ने के खेत में पड़ा मिला था। उसके जेब से करीब 22 हजार रुपये गायब थे। पिछले छह महीने से पुलिस हत्याकांड को सुलझाने की कोशिश कर रही थी। लेकिन, नासिर उर्फ कालिया की गिरफ्तारी से रितिक हत्याकांड से भी पर्दा उठ गया है। एएसपी के मुताबिक वारदात वाले दिन नासिर अपने साथी के साथ कचहरी से संभल जाने के लिए लौट रहा था। इस दौरान उन्होंने फत्तेहपुर में एक ठेले पर पकौड़ी खाते समय रितिक को देखा। उसकी जेब नोटों से भरी देखकर लालच आ गया और गन्ने के खते में ले जाकर उसकी हत्या कर दी। जेब से मिले 22 हजार रुपये आधे-आधे बांटकर वहां से फरार हो गए।