गजरौला (अमरोहा)। नगर पालिका बोर्ड की बैठक में सभासदों ने नगर पालिका क्षेत्र में आने वाली जुबिलेंट सहित अन्य औद्योगिक इकाइयों पर नए सिरे से कर लगाने का मुद्दा उठाया। कहा कि जुबिलेंट पर महज एक करोड़ का कर लगता है, जबकि वह सैकड़ों एकड़ में फैली है। उस पर तीन से चार करोड़ का कर होना चाहिए। उनके रखे गए प्रस्ताव को पास कर दिया गया। मायापुरी से फाजलपुर तक रेलवे लाइन किनारे पांच फिट ऊंची दीवार बनाए जाने और इंदिरा चौक पर 125 फिट ऊंचा तिरंगा लगाने काे हरी झंडी दी गई।
शनिवार को अपराह्न साढ़े तीन बजे नगर पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष राजेंद्री उर्फ उमा देवी की अध्यक्षता में पालिका बोर्ड की बैठक हुई। ईओ गार्गी त्यागी ने सभासदों से उनके वार्ड में कराए जाने के लिए विकास कार्यों के प्रस्ताव उपलब्ध कराने को कहा। इस दौरान सभासद ब्रजेश कुमार ने नगर को जलभराव से निजात दिलाने का मुद्दा रखा। कहा कि मामूली बारिश में भी इंद्रा चौक से पुराना डाकखाना चौराहा तक मार्ग में दो-दो फीट तक पानी भर जाता है। सभासद वीरेंद्र वर्मा, पुष्पा चौधरी, मनु शर्मा ने औद्योगिक इकाइयों पर नए सिरे से कर लगाए जाने का मुद्दा रखा। कहा कि औद्योगिक इकाइयों पर दशकों पुराना कर लगा है। जो आज के हिसाब से बेहद कम है। औद्योगिक इकाइयों पर नए सिरे से कर लगाए जाने को हरी झंडी दी गई। होटल, अस्पतालों पर टैक्स बढ़ाने, प्राइवेट बैंकों, व्यवसायिक स्थानों पर भी टैक्स लगाने का निर्णय लिया गया। इंद्रा चौक पर 125 फिट ऊंचा तिरंगा लगाने का निर्णय सर्व सम्मति से पास हो गया। घर-घर शुद्ध पानी पहुंचाने के लिए पानी के कनेक्शन देने, जल भराव से निजात दिलाने के लिए छोटे नाले चौड़े किए का प्रस्ताव पास हो गया। इस मौके पर पूर्व विधायक हरपाल सिंह, अनिल अग्रवाल, अमित कुमार, अशोक कुमार उर्फ दिले चौधरी, रौनकी, योगेश चौहान आदि सभासद और पालिका की तरफ से आदेश अग्रवाल, वेद प्रकाश मौजूद रहे।