गजरौला। नगर पालिका के कर्मचारियों ने नगर में अतिक्रमण हटवाने के लिए बुधवार को अभियान चलाया। इस दौरान जिन दुकानदारों, व्यापारियों ने अपनी दुकान, प्रतिष्ठान के आगे अतिक्रमण कर रखा था, उनसे कब्जा हटाने को कहा। दुकानदारों और व्यापारियों के दुकानों के आगे रखे सामान को हटवाया गया। उनको हिदायत दी कि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो उनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी। कर्मचारी साप्ताहिक बुध बाजार में भी गए। यहां पर आए दुकानदारों को कहा कि वह अपना सामान इस तरह रख कर न बेचें, जिससे अतिक्रमण हो। अतिक्रमण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। इस मौके पर अजय गोस्वामी, जयचंद, कुलदीप चौधरी, राशिद, नवनीत, अनीस अहमद आदि मौजूद रहे।