अमरोहा। मोहल्ला नल और सराय कोहना में अवैध रूप से हर शनिवार को साप्ताहिक बाजार लगाने वाले लोग नोटिस के बाद भी नहीं माने। ईओ डॉ. बृजेश के निर्देश पर शनिवार को नगर पालिका की टीम ने बाजार बंद करा दिया।
अब अवैध रूप से बाजार लगाने वाले के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी है। पिछले कई दशक से अमरोहा के मोहल्ला नल और सराय कोहना तक मंगलवार को साप्ताहिक बाजार लगता था, लेकिन शहर में लगने वाले जाम और लोगों की समस्या को देखते हुए साप्ताहिक बाजार को कैलसा बाईपास स्थित शहर विधायक में महबूब अली के पेट्रोल पंप के पिछे शिफ्ट कर दिया गया था, लेकिन कुछ लोगों ने आपसी सहमति बनाकर अवैध तरीके से हर शनिवार को फिर से मोहल्ला नल और सराय कोहना में साप्ताहिक बाजार लगना शुरू कर दिया।
जानकारी होने पर नगर पालिका के अधिकारियों ने बाजार लगाने वाले लोगों को नोटिस जारी किए। कई बार जुर्माना भी लगाया, लेकिन वह लोग मनमानी करते रहे।
शनिवार को भी उन्होंने बाजार लगाया। इसकी जानकारी नगर पालिका ईओ डॉ. बृजेश सिंह को लगी तो उन्होंने तुरंत टीम को मौके पर भेजकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद टीम ने सख्ती के साथ अवैध बाजार को बंद कराया। ईओ ने बताया कि अवैध रूप से बाजार लगाने वाले लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जा रही है।