अमरोहा। नगर के मिनी स्टेडियम में देवेंद्र चंदेल मेमोरियल वेटरेंस क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला यूथ क्रिकेट क्लब और अमरोहा पुलिस इलेवन की टीमों के बीच खेला गया। इस दौरान यूथ क्रिकेट क्लब की टीम ने अमरोहा पुलिस इलेवन को 65 रनों से हरा दिया। मुकर्रम पाशा की बेहतरीन गेंदबाजी और मोहम्मद आरिफ की बल्लेबाजी की बदौलत यूथ क्लब ने फाइनल में जगह पक्की कर ली। अब मसूद क्लब और यूथ क्रिकेट क्लब की टीमों के बीच रविवार को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
शुक्रवार को यूथ क्रिकेट क्लब की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया और 172 रन बनाए। अपनी टीम के लिए सबसे ज्यादा मोहम्मद आरिफ ने 46 गेंदों में 36 रनों की पारी खेली। जबकि डॉ. वरुण कुमार ने 16 गेंदों में 20 रन बनाए। वहीं, अनस खान ने 33 गेंदों में 33 रनों का योगदान दिया। इसके अलावा सेंटी गुप्ता ने 15 गेंदों में 23 रन की बेहतरीन पारी खेली। अमरोहा पुलिस के लिए गेंदबाजी करते हुए ऋषभ चक्रवर्ती ने छह ओवर में 36 रन देकर 3 विकेट चटकाए। जबकि गौरव चौधरी और चेतन ने दो-दो विकेट हासिल किए। इसके अलावा अभिषेक गिल और सारूल चौहान ने एक-एक विकेट चटकाया। लक्ष्य हासिल करने मैदान में उतरी अमरोहा पुलिस इलेवन की टीम सिर्फ 22 ओवरों में 107 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। अपनी टीम के लिए ऋषभ चक्रवर्ती ने 24 गेंदों में 27 रन का योगदान दिया। जबकि हारिस खान ने 13 गेंदों 16 रन बनाए। राहुल कश्यप ने 21 गेंदों में 12 रनों का योगदान दिया। जबकि सारूल चौहान 13 गेंदों में 17 रन बनाकर पवेलियन लौटे गए। यूथ क्रिकेट क्लब के लिए मुकर्रम पाशा ने पांच ओवरों में 32 रन देकर 5 विकेट चटकाए और परवेज पाशा ने चार ओवरों में 12 रन देकर दो विकेट हासिल किए। इसके अलावा रोहित चंदेल, सेंटी गुप्ता और शहजाद ने एक-एक विकेट हासिल किया। इस तरह यूथ क्रिकेट क्लब की टीम ने अमरोहा पुलिस इलेवन को 65 रनों से हरा दिया। मैच के बाद बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। अंपायर की भूमिका शमशाद अल्वी ने निभाई। इस दौरान परवेज पाशा, सेंटी गुप्ता, राहुल गुप्ता, रिजवान पाशा, रोहित चंदेल आदि मौजूद रहे। टूर्नामेंट आयोजकों के मुताबिक अब रविवार को मसूद क्लब और यूथ क्रिकेट क्लब के बीच फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।