अमरोहा। जिला अस्पताल में एमआरआई सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। इससे मरीजों को निजी अस्पतालों में हजारों रुपये देकर जांच नहीं करानी पड़ेगी। यदि एमआरआई शुरू की गई तो जिला अस्पताल में मरीज यह सुविधा निशुल्क ले सकेंगे। सीएमओ की ओर से इस संबंध में शासन को प्रस्ताव भेजा गया है।
जिला अस्पताल में एमआरआई जांच की सुविधा न होने से मरीज और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनको जांच कराने के लिए मुरादाबाद, मेरठ और दिल्ली की दौड़ लगानी पड़ती हैं। वहीं, निजी अस्पतालों में यह जांच पांच हजार से लेकर 15 हजार तक में होती है। यदि यह सुविधा जिले के सरकारी अस्पताल में मिले तो एक रुपये के पर्चे पर निशुल्क जांच हो सकती है। यह जांच ऐसे मरीजों की कराई जाती है जिस मरीज के अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे या सीटी स्कैन में मर्ज का पता नहीं चल पाता है।
अब सीएमओ स्तर से जिला अस्पताल में एमआरआई जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए शासन को पत्राचार किया गया है। फिलहाल जिला अस्पताल में मरीजों को एक्सरे, अल्ट्रासाउंड व पैथोलॉजी लैब में विभिन्न जांचों की सुविधा मुफ्त मिल रही है जबकि सीटी स्कैन भी निशुल्क है। हालांकि एक ही रेडियोलॉजिस्ट होने के कारण अल्ट्रासाउंड कराने के लिए महीने भर बाद तक लोगों को इंतजार करना पड़ रहा है। हालांकि, एक रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति के लिए भी शासन को पत्र भेजा जा चुका है।
- जिले के सरकारी और निजी अस्पतालों में एमआरआई की सुविधा नहीं है। जिससे जिले के मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। जिला अस्पताल में एमआरआई जांच की सुविधा शुरू करने के लिए कवायद की जा रही है। उम्मीद के की आने वाले दिनों में मरीजों की एमआरआई जिला अस्पताल में होने लगेगी। इसके लिए शासन को पत्राचार किया गया है।-डॉ. एसपी सिंह, सीएमओ अमरोहा