अमरोहा। रुक्मणी क्रिकेट एकेडमी के तत्वावधान में आयोजित दिवंगत मोहम्मद फरमान मेमोरियल अंडर-16 इंटर एकेडमी क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट में शुक्रवार को द नेक्स्ट जनरेशन क्रिकेट एकेडमी और एमपीएस क्रिकेट एकेडमी के बीच मुकाबला खेला गया। इसमें एमपीएस क्रिकेट एकेडमी ने सात विकेट से जीत हासिल की।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए द नेक्स्ट जेनरेशन क्रिकेट एकेडमी ने 32.2 ओवरों में 118 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। टीम के लिए अभिमन्यु ने 26 और शिवम सिंह ने 16 रनाें का योगदान दिया। एमपीएस क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाज तन्मय चौधरी ने चार, विशाल त्यागी ने दो, पृथ्वी चौहान, प्रियांशु सिंह, कोहिनूर और राजस भटनागर ने एक-एक विकेट लिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एमपीएस क्रिकेट एकेडमी ने 29 ओवरों में तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम के लिए विनीत मेहरा ने 42, हितेश कुमार 33 और विशुदीप ने नाबाद 31 रनों का योगदान दिया। द नेक्स्ट जेनरेशन क्रिकेट एकेडमी के गेंदबाज अक्षत यादव दो और अभिमन्यु ने एक विकेट हासिल किया। इस तरह एमपीएस क्रिकेट एकेडमी ने यह मैच सात विकेट से जीत लिया। मैन ऑफ द मैच तन्मय चौधरी व गेम चेंजर अभिमन्यु को चुना गया।
अंपायर कृष्णा यादव और अंश यादव रहे जबकि स्कोरर मोहम्मद अलीम रहे। मैच के दौरान क्रिकेट कोच बदरुद्दीन सिद्दीकी, कोच मोहम्मद हसीन, डॉ. सिद्धार्थ मलिक, नासिर हुसैन, सोनू मलिक, मोहम्मद हसीब, ओम दत्त शर्मा, तरुण चीमा और मंजर अब्बास आदि मौजूद रहे।