डिडौली। कोतवाली क्षेत्र के गांव मिलक गौसपुर में सोमवार को 32 वर्षीय उस्मान उर्फ गनी का शव कमरे में पंखे से फंदे पर लटका मिला। भाई अरमान के कमरे में पहुंचने पर घटना की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया, जिसके बाद शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।
गांव निवासी एहसान के बेटे उस्मान की शादी करीब 12 वर्ष पहले मीरपुर निवासी रूमा से हुई थी। उनके दो बेटियां अंजुमन और जारा तथा बेटा अबुजर है। करीब एक माह पहले बच्चे के जन्म के चलते रूमा बच्चों के साथ मायके गई थी। सोमवार को अरमान कमरे में पहुंचा तो उस्मान का शव फंदे पर लटका मिला। सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। रूमा भी बच्चों के साथ ससुराल पहुंच गई।
सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया आत्महत्या की बात सामने आई है। परिजनों के अनुसार उस्मान मानसिक रूप से बीमार चल रहा था और मेरठ में उसका उपचार कराया जा रहा था। परिजनों ने पोस्टमार्टम समेत किसी भी कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया।