हादसों को रोकने के लिए प्रयास तो बहुत किए जा रहे हैं, लेकिन हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ भी परिवहन अधिकारियों को हादसे रोकने के लिए उपाय करने को कहते हैं, लेकिन कोई असर नहीं होता। अब सीएम ने परिवहन विभाग को हर जिले में एक एआरटीओ रोड सेफ्टी तैनात करने का आदेश किया है। अब एक एआरटीओ प्रशासन और एआरटीओ प्रवर्तन के अलावा एक एआरटीओ रोड सेफ्टी भी तैनात रहेगा। इसका काम हादसों को रोकने के लिए प्लान बनाना, उनकी मॉनिटरिंग करना और लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई करना होगा।
एआरटीओ महेश चंद शर्मा ने बताया कि वर्तमान में जो उत्तर प्रदेश में परिवहन विभाग में कार्यरत आरआई हैं उन्हें मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर का पद दिया जाएगा। इसके अलावा हसनपुर, मंडी धनौरा, नौगांवा सादात और अमरोहा तहसील स्तर पर मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर तैनात किए जाएंगे। इन मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर की रैंकिंग टू स्टार दरोगा की होगी। इन्हें बाइक के साथ ही एक सुरक्षाकर्मी भी उपलब्ध कराया जाएगा। तहसीलों पर इनकी तैनाती से सड़क पर चल रहे वाहनों की जांच हो सकेगी। वाहनों की तकनीकी जांच कर सकेंगे अनफिट वाहनों पर कार्रवाई कर सकेंगे।
- सड़क दुर्घटना चिंता का विषय है। हमें अमूल्य जानों को बचाना होगा। हमें प्रयास करना होगा, सरकार भी चले, आप भी चलें। समाज का हर व्यक्ति जागरूक हो। वाहन ओवर स्पीड न चलाएं। नशे का प्रयोग कर वाहन न चलाएं। सड़क नियमों का पालन करें। रोड सेफ्टी पर विशेष तौर पर हमें ध्यान देना होगा।- महेश चंद शर्मा, एआरटीओ