पुलिस ने हत्यारी सास को किया गिरफ्तार
एसपी आदित्य लांग्हे ने पुलिस ऑफिस में प्रेस वार्ता कर घटना का खुलासा किया। मंगलवार की शाम एसपी ने बताया कि नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव खंडसाल कलां निवासी गीता देवी पत्नी श्योराज सिंह ने गजरौला के गंगा नगर मोहल्ला निवासी दामाद अमित, उसकी मां राधिका और ससुर नरेंद्र के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। तीन दिन पहले कोमल की मकान में ही गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जिसके बाद से पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी।
बहू के काम से परेशान थी सास
तीनों के खिलाफ सबूत मिलने पर उनको गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के दौरान कोमल की सास राधिका ने घटना को अंजाम देना कबूल किया। बताया कि उसके बेटे अमित की शादी डेढ़ साल पूर्व कोमल के साथ हुई। दिल्ली में पढ़ी लिखी कोमल खुले विचारों की थी। शादी के कुछ दिन बाद ही अमित को साथ लेकर अलग घर में रहने लगी। घरेलू कार्यों में उसकी कोई दिलचस्पी नहीं थी। जिसको लेकर घर में कलह रहती थी। जिससे परेशान अमित कहता था कि उसकी शादी किस लड़की से करा दी है। जो चाय भी मुझे बनानी पड़ती है। बेटा बेहद परेशान रहता था। उसकी परेशानी को देख तीनों ने मिल कर बहू कोमल को रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
हत्या की घटना को बनाया लूट की वारदात
योजना के तहत रविवार को बेटा रिश्तेदारी में भेज दिया और पति नरेंद्र दुकान पर चले गए। कोमल घर में सो रही थी। इस बीच मौका पाकर उसके माथे पर तमंचे से गोली मार कर हत्या कर दी। घटना को डकैती के बाद हत्या का रूप देने के लिए दूसरे कमरे में रखे सामान को इधर उधर बिखेर दिया। तमंचे को घर के बाहर बने गटर में डाल दिया। दुकानदार बबलू सिंह और बराबर में परचून की दुकान करने वाले फौजी को घर बुलाकर यह नाटक किया कि उसके घर डकैती के बाद बहू की हत्या कर दी गई है। इसके बाद बेहोश हो जाने का नाटक किया। एसपी ने बताया कि राधिका की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त तमंचा बरामद कर लिया है। प्रेस वार्ता के दौरान सीओ अरुण कुमार सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अशोक वर्मा, कस्बा इंचार्ज अरुण गिरि, महिला दरोगा मीनाक्षी गुप्ता शामिल रहे।