सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर डूंगर मे दोस्त ही एक युवक की जान के दुश्मन बन गए। शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए और जमकर शराब के पैग लड़ाए। इसके बाद युवक को पीटकर बेहोश कर दिया और बाइक का पहिया गर्दन पर चढ़ा मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेजा है। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर डूंगर निवासी गैंदा सिंह किसान है। गैंदा के दो बेटे अशोक व जगवीर हैं। दोनों की शादियां हो चुकी हैं। शनिवार की सुबह को मोहल्ले के ही दो दोस्त अशोक को शराब पिलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए और सकतपुर स्थित शराब के ठेके पर तीनों ने जमकर शराब पी।
इस दौरान वहां किसी बात पर झगड़ा हो गया, अशोक को बुरी तरह से पीटकर घायल कर दिया। इस पर दोस्तों का गुस्सा शांत नहीं हुआ तो वह अशोक को सकतपुर निवासी कृष्ण कुमार के खेत में ले गए। यहां पर दोस्तों ने उसकी गर्दन पर बाइक का पहिया चढ़ा कर मौत के घाट उतार दिया और चुपचाप गांव पहुंच गए।
जब शाम तीन बजे तक भी अशोक घर नहीं पहुंचा और उसके दोस्त गांव में घूम रहे थे। दोस्तों को गांव में देखकर गैंदा ने बेटे के बारे में पूछा, तो कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। इस बीच अशोक का शव खेत में मिलने की सूचना गांव में आग की तरह फैल गई। गैंदा ने आरोपियों पर बेटे की हत्या का अरोप लगाया, तो मारपीट पर उतारू हो गए। लेकिन गैंदा मौके की तरफ दौड़ पड़ा। सूचना मिलते ही थाना पुलिस भी घटना स्थल पर पहुंच गई।
खेत में शव मिलने की सूचना पर आसपास के ग्रामीण भी मौके की तरफ दौड़ने लगे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया। परिजनों ने दो लोगों नामजद करते हुए पुलिस को तहरीर दी है। थानाध्यक्ष मुस्तकीम अली ने बताया कि तहरीर के आधार पर गांव के ही पप्पू पुत्र रम्पू व गुड्डू पुत्र बल्ले के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह कुछ साफ हो पाएगी।