अमरोहा। डेंगू के डंक के साथ ही वायरल, बुखार से जिले में हाहाकार मचा है। लगातार मौते हो रही हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग जिम्मेदारी नहीं दिखा रहा है। एलाइजा टेस्ट के लिए मुरादाबाद का मुंह ताक रहे हैं। अपने जिले में मशीन, किट और स्टाफ होने के बावजूद दूसरे जिले की बैसाखी का सहारा लेकर मरीजों का उपचार करने की कोशिश की जा रही है। लेकिन अब मुरादाबाद ने भी इनकार कर दिया है। काम के बोझ का हवाला देकर एलाइजा टेस्ट के नए नमूने लेने में असमर्थता जताई है। जिसके बाद पिछले 13 दिन से 10 डेंगू आशंकितों के एलाइजा टेस्ट के लिए नमूने जांच को नहीं जा सके हैं।
डेंगू के केस सामने आने पर सेहत महकमे में हड़कंप मचा हुआ है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक अभी तक जिले में डेंगू के 18 मरीज मिल चुकेे हैं। मरीजों में डेंगू की पुष्टि मुरादाबाद जिला अस्पताल में कराए गए एलाइजा टेस्ट से हुई है। डेंगू की आशंका होने पर अमरोहा के 87 मरीजों का नमूना मुरादाबाद जिला अस्पताल भेजा गया था। एलाइजा टेस्ट में 18 मरीज डेंगू पाजिटिव निकले। वहीं जिले के सरकारी अस्पतालों में कराए गए रैपिड डेंगू टेस्ट में 87 मरीज एनएस-1 पाजिटिव मिले हैं, लेकिन पिछले 13 दिनों से जिले के डेंगू आशंकित मरीजों का सरकारी इंतजाम पर एलाइजा टेस्ट नहीं हो रहा है। क्योंकि मुरादाबाद जिला अस्पताल प्रशासन ने हाथ खड़े कर लिए है। मुरादाबाद जिला अस्पताल ने अमरोहा के मरीजों का एलाइजा टेस्ट करने से साफ इंकार कर दिया है। 24 अक्तूबर के बाद एलाइजा टेस्ट के लिए कोई सैंपल मुरादाबाद नहीं भेजा गया। इससे डेंगू आशंकित मरीजों के इलाज में परेशानी हो रही है।
जिला अस्पताल में एलाइजा टेस्ट के लिए दो सीओसीटी मशीन हैं। एक अस्पताल के ब्लड बैंक में है तो दूसरी पैथोलॉजी में है। इन मशीनों को चलाने के लिए एलटी की तैनाती भी है। दूसरी ओर जिले में बढ़ता डेंगू का दायरा कम होने का नाम नहीं ले रहा है। जिला अस्पताल में रोजाना डेंगू आशंकित मरीज पहुंच रहे हैं। रैपिड डेंगू टेस्ट के बाद मरीजों को अस्पताल के डेंगू वार्ड में भर्ती किया जा रहा है। इसके आधार पर उनका इलाज किया जा रहा है, लेकिन संसाधन होनेे के बाद भी एलाइजा टेस्ट नहीं किया जा रहा है। इससे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मरीज प्राइवेट लैबों का सहारा ले रहे हैं।
- जिला अस्पताल में एलाइजा टेस्ट कराया जाएगा। जांच की जिम्मेदारी ब्लड बैंक प्रभारी को सौंपी गई है। जल्द एलाइजा टेस्ट किया जाएगा।
- डा. रामनिवास, सीएमएस, जिला अस्पताल
- मुरादाबाद जिला अस्पताल ने वर्क लोड का हवाला देकर अमरोहा के मरीजों के एलाइजा टेस्ट के लिए सैंपल लेने से मना कर दिया है। 24 अक्तूबर के बाद कोई सैंपल नहीं भेजा गया है। इस संबंध में सीएमओ की ओर से शासन को अवगत कराया जा चुका है। - अनिल कुमार शर्मा, सहायक मलेरिया अधिकारी, अमरोहा
रैपिड डेंगू टेस्ट पर चल रहा मरीजों का इलाज
अमरोहा। जिला अस्पताल पहुंचने वाले डेंगू आशंकित मरीजों का इलाज रैपिड डेंगू टेस्ट की रिपोर्ट के आधार पर इलाज चल रहा है। रैपिड डेंगू टेस्ट में एनएस-1 पाजिटिव आने पर उनका इलाज किया जा रहा है। लेकिन इन मरीजों का एलाइजा टेस्ट नहीं हो रहा है।
एक किट में हो सकती है 96 जांचे
अमरोहा। सहायक मलेरिया अधिकारी अनिल कुमार शर्मा ने बचाया कि जिला अस्पताल को किट दी जा चुकी है। अस्पताल को तीन किट मुहैया कराई गई है। एक किट में 96 जांचें हो सकती है। बावजूद इसके जिला अस्पताल में एलाइजा टेस्ट नहीं किया जा रहा है।