अमरोहा। वित्तीय साल 2024-25 के लिए विधायकों को मिलने वाली विधायक निधि की ढाई-ढाई करोड़ रुपये की किस्त शासन ने जारी कर दी है। अब विधायकों से विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव मांगे जाएंगे। जिन पर शीघ्र ही कार्य शुरू कराया जा सकेगा।
लोकसभा चुनाव के मद्देनजर वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए मिलने वाली विधायकों की किस्त जारी नहीं हो सकी थी। जून में आचार संहिता हटने के बाद विधायक निधि के जारी होने की प्रक्रिया पर काम शुरू किया गया था। जिसके बाद अमरोहा, नौगांवा सादात, हसनपुर व मंडी धनौरा समेत एमएलसी डॉ. हरि सिंह ढिल्लो को ढाई-ढाई करोड़ रुपये की किस्त जारी कर दी गई है। जिससे विधायक अपने-अपने क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रस्ताव दे सकेंगे।
-
यह कार्य हो सकेंगे
विधायक निधि से सड़क, खड़ंजा, नाली, सामुदायिक भवन, शैक्षिक भवन, इंटरलॉकिंग व लाइट आदि के कार्य करा सकते हैं। विधायक भी अपने-अपने क्षेत्रों में विकास के लिए निधि का इंतजार कर रहे थे।
जिले में यह हैं विधायक
विधानसभा - विधायक
अमरोहा - महबूब अली
मंडी धनौरा - राजीव तरारा
नौगांवा सादात - समरपाल सिंह
हसनपुर - महेंद्र सिंह खड़गवंशी
बरेली-मुरादाबाद खंड - डॉ. हरि सिंह ढिल्लो (शिक्षक एमएलसी)