अमरोहा। शनिवार देर रात एसपी अमित कुमार आनंद ने नगर कोतवाली में स्थापित मिशन शक्ति केंद्र का औचक निरीक्षण किया। महिला संबंधी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई की हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने महिला हेल्प डेस्क, महिला परामर्श कक्ष, रजिस्टर में दर्ज शिकायतों की प्रविष्टियों, निस्तारण की गुणवत्ता तथा महिला संबंधित मुकदमों के निस्तारण में की जा रही कार्रवाई को परखा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं महिला बीट अधिकारियों को महिला संबंधी शिकायत पर तत्काल प्रभावी एवं संवेदनशील कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, मिशन शक्ति केंद्र में आने वाली हर एक पीड़िता, शिकायतकर्ता से सम्मानजनक एवं सहानुभूतिपूर्ण व्यवहार करने को कहा। कहा कि मिशन शक्ति अभियान महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के उद्देश्य से चलाया जा रहा है। जन-जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करते रहें। मिशन शक्ति केंद्र का समुचित रख-रखाव, साफ-सफाई एवं आवश्यक सामग्री की उपलब्धता हर समय सुनिश्चित रहे। इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए। कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं उनके अधिकारों की रक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिसकर्मियों को मिशन शक्ति के उद्देश्यों को जमीनी स्तर पर लागू करने के लिए निर्देश दिए। इस दौरान सीओ सिटी शक्ति सिंह, प्रभारी निरीक्षक पंकज तोमर आदि पुलिसकर्मी मौजूद रहे।