हाईवे पर पायती कलां प्रथमा बैंक के बाहर कार में रखा पचास लाख रुपये से भरा बैग बाइक सवार बदमाश चोरी कर भाग निकले। सूचना पर एएसपी और सीओ सिटी ने घटनास्थल का मुआवजा किया। भागते हुए बदमाश हाईवे किनारे लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
मुरादाबाद में पाकबड़ा थानाक्षेत्र के लोधीपुर राजपूर में किसान सईद अहमद का परिवार रहता है। उनके बेटे फैयाज ने करीब चार महीने पहले अपने गांव में हाईवे स्थित डेढ़ बीघा जमीन 74 लाख रुपये में बेची थी। इसके बाद उसने डिडौली कोतवाली क्षेत्र के तावई गांव निवासी शमीम से साढ़े छह का जमीन का सौदा 50.50 लाख रुपये तय किया था।
बृहस्पतिवार की दोपहर बाद जमीन का बैनामा अमरोहा सदर तहसील में होना था। तावई निवासी शमीम ने फैयाज को फोन करके रुपये पायती कलां गांव स्थित प्रथमा बैंक पर लाकर उसके खाते में जमा करने के लिए कहा। इसके बाद सभी लोग जमीन का बैनामा कराने के लिए अमरोहा तहसील जाने वाले थे।
शमीम के बताए मुताबिक फैयाज 50 लाख रुपयों भरा बैग लेकर अपने अलीगढ़ निवासी साढू बाबू अली और तावई गांव निवासी बहनोई अली हसन के साथ कार से बैंक के बाहर पहुंचा। बैंक के बाहर तीनों कार से बाहर निकलकर जमीन मालिक समीम से बात करने लगे।
इसी दौरान जोया की ओर से आए बाइक सवार दो बदमाश कार में रखा रुपयों से भरा बैग चोरी कर भाग निकले। पायती कलां निवासी फैजान ने बदमाशों को बैग चोरी करते देखकर शोर मचाया, लेकिन तब तक दोनों बाइक सवार बदमाश मुरादाबाद की ओर भाग निकले। रुपये से भरा बैग चोरी होने के बाद फैयाज बदहवास हो गया।
एएसपी व सीओ सिटी ने मौके पर पहुंचकर की जांच
सूचना मिलते ही डिडौली पुलिस मौके पर पहुंच गई। बाद में एएसपी राजीव कुमार सिंह और सीओ सिटी विजय कुमार राणा घटनास्थल पर पहुंचे और जांच पड़ताल की। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तहकीकात कर रही है।
सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि रुपये से भरा बैग कार में रखा हुआ था। तभी बाइक सवार युवक बैग को लेकर भाग गए। मुरादाबाद पुलिस के सहयोग से नाकाबंदी कर चोरों की तलाश की जा रही है। जल्द ही घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।