गजरौला। थाना क्षेत्र में बालू और मिट्टी के अवैध खनन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। वहीं एक खनन माफिया द्वारा शिकायतकर्ता को मारने की धमकी देने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
शनिवार को वायरल हुए ऑडियो में खनन के कारोबार से जुड़ा एक शख्स फोन पर किसी युवक को मारने की धमकी दे रहा है। उसका कहना है कि उसके खनन की शिकायत उसी ने की है। इसमें वह कुछ और युवकों को भी देख लेने की धमकी दे रहा है। वहीं पुलिस का कहना है कि यदि थाने में कोई तहरीर आएगी तो जांच कराई जाएगी।
बता दें कि तीन दिन पूर्व सुबह-सवेरे कुछ युवकों ने तिगरी मार्ग पर बालू का खनन कर ला रही ट्रैक्टर-ट्राली को पकड़वा दिया था। कुछ देर बाद ही चालक का वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वह खनन का कारोबार एक भाजपा नेता का बता रहा था। इस पर भी सोशल मीडिया पर काफी बहसबाजी चल रही है। खादगूजर रोड पर सबसे अधिक खनन चल रहा है। यहां रात में कई-कई ट्रैक्टर-ट्रालियां खनन कर निकलती हैं। बीते माह जिला खनन अधिकारी अशोक कुमार ने खुद यहां पर ट्रैक्टर-ट्राली पकड़ी थी। इसके बावजूद खनन का धंधा बंद नहीं हो रहा है। वहीं थाना क्षेत्र में हलका नंबर एक के गांव मुरादपुर में भी रात-दिन धड़ल्ले से बालू खनन किया जा रहा है। मुरादपुर में खनन कर जा रहीं ट्रैक्टर-ट्रालियों के वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहे हैं।
शीघ्र ही खनन का कारोबार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। थाना क्षेत्र में खनन की जांच शुरू कर दी गई है।
सत्येंद्र सिंह, सीओ (मंडी धनौरा)