नौगांवा सादात। एक संप्रदाय के लोगों ने मदरसे पर मीनार का निर्माण कर लिया। जिससे गांव में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया। हरकत में आई पुलिस ने दोनों पक्षों को बुला कर समझौता कराया। अवैध रूप से निर्मित मीनार को ध्वस्त करा दिया। ये मामला थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर इम्मा का है। गांव में मुस्लिम समाज के लोगों ने मदरसा बनाया है। जिसमें बच्चे दीनी तालीम हासिल करते हैं। गांव में मुस्लिम व हिंदुओं की आबादी मिश्रित है। आरोप है कि 11 फरवरी को गांव राशन डीलर विनोद चौहान के बेटे की बरात फरुखाबाद गई थी। लिहाजा लोग उसमें गए थे। मुस्लिम समाज के लोगों ने मौका पाकर मदरसे पर मीनार का निर्माण कर लिया। शाम को जब लोग बरात से वापस लौटे तो मीनार निर्माण प्रकरण की जानकारी हुई। जिससे गांव में सांप्रदायिक तनाव बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर आ गई। मामले को शांत कराते हुए हालात को सामान्य कराया। दोनों पक्षों के लोगों के बीच समझौता कराया तथा निर्मित अवैध मीनार को ध्वस्त करा दिया। चेतावनी दी कि यदि कोई नई परंपरा डालेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि मीनार को ध्वस्त करा दिया है। फिलहाल गांव में कोई तनाव नहीं है।