व्यापारी के अपहरण के बाद पुलिस अन्य व्यापारियों से जानकारी करते हुए।
नगर में दिनदहाड़े उस समय सनसनी फैल गई जब दो सशस्त्र बदमाशों ने स्वयं को इनकम टैक्स अधिकारी बताते हुए व्यापारी का अपहरण कर लिया। व्यापारी के अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस भी हरकत में आ गई। साथ ही तमाम व्यापारी भी मौके पर पहुंच गए। वहीं, ढाई घंटे बाद व्यापारी से पांच लाख रुपये वसूलने आए बदमाश भीड़ को देख भाग खड़े हुए।
नगर के मुख्य बाजार में जय भगवान मित्तल वारदाने के थोक व्यापारी है। शनिवार की सुबह 10 बजे वह दुकान पर बैठे हुए थे। इसी दौरान रिवाल्वर और रायफल लिए दो लोग वहां आए और खुद को इनकम टैक्स अधिकारी बताकर व्यापारी से हिसाब-किताब दिखाने को कहा। व्यापारी ने बही निकालकर हिसाब-किताब दिखा दिया। इसके बाद कथित आयकर अधिकारियों ने बही में गड़बड़ी होने की बात कहते हुए व्यापारी को जीप में बैठा लिया। कथित आयकर अधिकारी व्यापारी को गजरौला के स्टेट बैंक लेकर गए। यहां पर व्यापारी को जीप में ही बैठाए रखा। वहीं, एक बदमाश बैंक के अंदर गया। करीब डेढ़ घंटे के बाद बदमाश आया। उसने व्यापारी और बैंक अधिकारी में साठगांठ होने की बात कही। साथ ही मामला निपटाने के लिए 40 लाख रुपये देने की मांग व्यापारी से की। व्यापारी में इतने पैसे देने में असमर्थता जताई। इसके बाद दोनों में सौदेबाजी हुई। पांच लाख में सौदा तय हुआ। व्यापारी ने दुकान पर पहुंचकर पांच लाख रुपये देने की बात कही। बदमाश व्यापारी को दुकान पर ले गए। व्यापारी ने भीड़ देखकर शोर मचा दिया। इसके बाद भीड़ को देखकर बदमाश भाग गया। वहीं, व्यापार मंडल के अनिल जैन का कहना है कि यदि व्यापारियों के इस तरह की दोबारा वारदात हुई तो व्यापारी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे।