हसनपुर (अमरोहा)। घोड़ा तांगे से गांव में मिट्टी बेचने आए चालक की घोड़ी की बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। नाराज ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
बताते हैं कि सैदनगली थाना क्षेत्र के पहाड़पुर वक्काल निवासी राजेंद्र गांव-गांव पोता मिट्टी बेचने का काम करता है। यह मिट्टी कच्चे घरों को लीपने और चूल्हे चौके के कार्य में प्रयोग की जाती है। राजेंद्र घोड़ा तांगा से रविवार सुबह को गांव कालाखेड़ा पहुंचा। वह यहां मिट्टी बेच रहा था। रईस के मकान के पास एलटी लाइन के पोल से लटक रहे तार में करंट आ रहा था, जिसकी चपेट में घोड़ी आ गई। मौके पर ही घोड़ी की मौत हो गई। जानकारी मिलने पर मोहल्ले के लोग जमा हो गए। नारेबाजी करते हुए बिजली विभाग के खिलाफ हंगामा किया। बिजली एसडीओ अशोक कुमार और जेई गुरुदेव भी मौके पर पहुंचे। हंगामे की सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई। हंगामा कर रहे लोगों को समझाकर शांत कराया। मृत घोड़ी के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि करंट से घोड़ी की मौत के मामले में रिपोर्ट दर्ज की गई है।