अमरोहा। सद्भावना कप का दूसरा सेमीफाइनल मसूद क्लब व दिल्ली के सहगल क्लब के बीच खेला गया। मसूद क्लब ने सहगल क्लब को 60 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। अखिल कोहर मैन ऑफ दी मैच रहे। अब मसूद क्लब का मुकाबला दिल्ली के गोल्डन हॉक क्लब से होगा। मिनी स्टेडियम में डिस्ट्रिक क्रिकेट एसोसिएशन व यूथ क्लब के संयोजन में चल रहे सद्भावना क्रिकेट कप के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में सहगल क्रिकेट क्लब ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का फैसला किया। मसूद क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 30 ओवर में सात विकेट पर 278 रन बनाए। अखिल कोहर ने 77, प्रियांश आर्य ने 64 रन की पारी खेली। सहगल क्लब की ओर से गौरव ने दो विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहगल क्लब की टीम मात्र 26.2 ओवर में 218 रन पर पैवेलियन लौट गई। दीपक पुनिया ने 59, सारुल कंवर ने 39 रन की पारी खेलते हुए टीम को जीत की राह पर ले जाने की कोशिश भी की लेकिन सफलता नहीं मिली। मसूद क्लब की ओर से विजन पंचाल व अर्जुन ने तीन-तीन विकेट लिए। अंपायरिंग सत्येंद्र सिंह व जमाल पाशा, स्कोरिंग सैंडी गुप्ता व लवी तथा कमेंट्री शमशाद अल्वी ने की।
हाजी नासिर फारूख ने बताया कि फाइनल आज मसूद क्रिकेट क्लब व गोल्डन हॉक क्लब दिल्ली के बीच खेला जाएगा।