उझारी। शादी के तीन साल बाद विवाहिता आमना (25) की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। उसका शव घर की दूसरी मंजिल पर फंदे पर लटका मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की। मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर हंगामा किया। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस आत्महत्या मानते हुए पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कानूनी कार्रवाई करने की बात कह रही है।
मृतिका अमाना का मायका नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के दौलतपुर गांव का है। करीब तीन साल पहले उझारी के मोहल्ला पुराना सिंडिकेट बैंक के रहने वाले रराशिद के साथ शादी हुई थी। राशिद राजमिस्त्री है। शादी के तीन साल बाद भी अमाना पर कोई संतान नहीं थी। घर में राशिद और उसकी पत्नी अमाना ही रहते थे।
शनिवार की दोपहर अमाना का शव घर की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में फंदे पर लटका मिला। पति राशिद के शोर मचाने पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही सैदनगली थानाध्यक्ष विकास सहरावत फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए और जांच की। एसपी अमित कुमार आनंद के निर्देश पर फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट की टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
अमाना की मौत की जानकारी मिलते ही उसके मायके वाले पहुंच गए और ससुराल वालों पर हत्या करने का आरोप लगाकर हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने आक्रोशित परिजनों को समझ कर शांत किया। सीओ पंकज त्यागी ने बताया कि प्राथमिक जांच में आत्महत्या की बात सामने आई है। विवाहिता के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।