गजरौला। जनरल स्टोर संचालक की पत्नी नाजरीन उर्फ तासमीन (25) का शव घर में ही फंदे पर लटका मिला। सूचना पाकर मायके वाले पहुंच गए। उन्होंने दहेज के लिए विवाहिता की हत्या करने का आरोप लगाया। हसनपुर के नायब तहसीलदार ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
मामला थाना क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद का है। यहां निवासी जाकिर गांव में ही जनरल स्टोर चलाता है। उसकी शादी छह साल पूर्व मंडी धनौरा थाना क्षेत्र के गांव पथवारी निवासी नाजरीन उर्फ तासमीन के साथ हुई। पुलिस ने बताया कि मंगलवार की शाम साढ़े चार बजे सूचना मिली कि जाकिर की पत्नी ने फंदे पर लटककर जान दे दी है। खबर मिलते ही ब्रजघाट चौकी के पुलिसकर्मी गांव में पहुंचे। सूचना पर इंस्पेक्टर क्राइम पुलिस के साथ गांव में गए। पुलिस का कहना है कि मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया। जबकि जाकिर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी को उस पर शक करती थी। जिसे लेकर दोनों के बीच एक दिन पूर्व कहासुनी हुई थी।
विवाहिता का शव फंदे पर मिलने की खबर पाकर हसनपुर नायब तहसीलदार मोहम्मदाबाद में पहुंचे। उन्होंने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।