अमरोहा। न्यायालय में मुकदमे की पैरवी करने तारीख पर आई विवाहिता पति और उसके परिजनों ने मारपीट की। पति ने तीन तलाक देकर रिश्ता खत्म कर लिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत पुलिस से की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। अब एसपी के आदेश पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला शफातपोता निवासी फौजिया की शादी दिल्ली के दरियागंज स्थित दिल्ली गेट निवासी जहूर आलम के साथ हुई थी। आरोप के मुताबिक शादी के बाद से ससुराल वाले फौजिया को दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। लिहाजा फौजिया ने ससुराल वालों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज करा दिया था। यह मुकदमा परिवार न्यायालय में विचाराधीन चल रहा है। आरोप है कि 31 मार्च को फौजिया और उसका पति जहूर मुकदमे की तारीख पर आए थे। यहां पति जहूर ने अमरोहा के मोहल्ला खारी कुआं निवासी अपने दोस्त नूर मोहम्मद के साथ कचहरी परिसर में मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया। फौजिया के विरोध करने पर दोनों ने उसके साथ मारपीट कर दी। पति ने तीन तलाक देेकर रिश्ता खत्म कर लिया। पीड़िता ने इसकी शिकायत संबंधित थाना पुलिस से की। लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। अब पीड़िता ने एसपी सुनीति को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई कराने की मांग की थी। देहात थाना इंस्पेक्टर संजीव कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।