मंडी धनौरा। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता को मारपीट कर घर से निकालने और मायके में उसके साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी देने के आरोप में पुलिस ने पति समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ग्राम पेलीतगा निवासी अंजुम के मुताबिक, उसकी शादी पिछले साल अप्रैल में बिजनौर के नूरपुर निवासी सरताज से हुई थी। सामर्थ्य से अधिक दहेज देने के बाद भी ससुराल वाले संतुष्ट नहीं थे। अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर उसे घर से निकाल दिया गया। आरोप है कि 30 अगस्त को ससुराल पक्ष के लोगों ने मायके पहुंचकर उसके साथ मारपीट की और धमकी दी। प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह ने बताया कि सरताज, युनूस, शायदा, शमा, निक्की और शबनूर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद