जोया। डिडौली थाना क्षेत्र के गांव ढकिया चमन निवासी अब्दुल कय्यूम ने अपनी बेटी शायदा का निकाह गजरौला थाना क्षेत्र के गांव मोहरका पट्टी निवासी मोहम्मद फुरकान के साथ किया था। आरोप है कि शादी में उसके भाइयों ने करीब 10 लाख रुपये खर्च किए थे। विवाह के करीब छह माह बाद ही ससुराल पक्ष ने अतिरिक्त दहेज में कार की मांग शुरू कर दी। मांग पूरी नहीं होने पर उसके साथ मारपीट और उत्पीड़न किया जाने लगा। प्रताड़ना से तंग आकर वह मायके आ गई थी। करीब एक माह पहले पंचायत के बाद ससुराल पक्ष ने भविष्य में परेशान नहीं करने का भरोसा देकर उसे वापस बुला लिया। आरोप है कि 14 जून की दोपहर फिर से कार की मांग को लेकर विवाद हुआ और विरोध करने पर ससुराल वालों ने उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान पति मोहम्मद फुरकान ने कथित रूप से तीन तलाक देकर रिश्ता समाप्त कर दिया और परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर उसे घर से धक्का देकर निकाल दिया। घटना के बाद से पीड़िता अपने मायके में रह रही है। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि पति मोहम्मद फुरकान, महमूद, महफूज, गुलशन, सादमा, फरहीना, गुड्डू, मोहम्मद अनूप और मीना के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।