रजबपुर। अतरासी कलां गांव में प्रधानी चुनाव की रंजिश में ग्राम प्रधान के बेटे का अपहरण कर सूजे से हमला किया। जान से मारने की नियत से गला घोंटने की कोशिश की। मामले में पुलिस ने 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
ग्राम प्रधान शमशाद उर्फ भूरे ने दर्ज कराई प्राथमिकी के मुताबिक बुधवार की शाम करीब 6:35 बजे उनका बेटा शाहनवाज उर्फ राजा अपने पुराने घर से नए घर की ओर मोटरसाइकिल से जा रहा था। उसके साथ उसका दोस्त रियाजुल भी मौजूद था। आरोप है कि जैसे ही शाहनवाज गांव में साबिर के घर के सामने पहुंचा, वहां पहले से घात लगाए बैठे शाहिद, साबिर, फैय्याज, जुम्मा, आलिम, आरिफ, सालिम, गुलजार, अनसार उर्फ पप्पू, ओसामा उर्फ गामा, राकिब, रहमत और फैजान ने उसे तमंचे के बल पर रोक लिया और जबरन अपने घर के अंदर खींच ले गए। आरोपियों ने शाहनवाज पर लाठी, सरिया और सूजे से हमला किया।
आरोप है कि शाहिद ने सूजे से वार किया, जो शाहनवाज की टांग में घुस गया। वहीं फैय्याज और आलिम ने गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या का प्रयास किया। हमलावर उसे मृत समझकर मौके से भाग गए। घटना की सूचना शाहनवाज के साथ मौजूद रियाजुल और अन्य लोगों ने ग्राम प्रधान को दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस से घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है।
ग्राम प्रधान का आरोप है कि आरोपी प्रधानी चुनाव की रंजिश के चलते दुश्मनी रखते हैं। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। जल्दी ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।