रहरा/आदमपुर(अमरोहा)। प्रेम विवाह के दो साल बाद विवाहिता की मौत हो गई। मायके वालों ने बेटी की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलने पर पुलिस गंगा घाट पर पहुंच गई और शव को जलती चिता से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र के गांव भोला सिंह की मढ़ैया निवासी टीना (24) ने रहरा थाना क्षेत्र के गांव गंगेश्वरी निवासी अमित कुमार के साथ प्रेम विवाह किया था। करीब डेढ़ माह पहले टीना ने एक बच्चे को जन्म भी दिया था। रविवार की देर शाम अचानक टीना की मौत हो गई। ससुराल वालों ने इसकी जानकारी मायके वालों को दी। इसके बाद रात में ही शव का अंतिम संस्कार करने के लिए पौरारा गंगाघाट पर ले गए। उधर, मायके वालों ने पुलिस को सूचना दी कि बेटी की हत्या कर दी गई है।
सूचना मिलते ही पुलिस गंगा घाट पर पहुंच गई। देखा तो शव को चिता पर रख दिया गया था। शव को मुखाग्नि दे दी गई थी। पुलिस ने आनन-फानन में आग को बुझवाया। पुलिस ने अंतिम संस्कार को रोकते हुए शव को चिता से अलग निकाल लिया और पोस्टमार्टम को भेज दिया। इस कार्रवाई से ससुराल वालों के हाथ-पांव फूल गए।
सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि सूचना मिलने पर शव का अंतिम संस्कार रुकवाया गया। मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
-