हसनपुर(अमरोहा)। शादी समारोह के बाद विदाई के दौरान दूल्हा-दुल्हन पर पैसे लुटाने को लेकर विवाद हो गया। जमकर मारपीट हुई। जिसमें दूल्हे के भाई समेत दो लोग घायल हो गए। पुलिस से शिकायत की गई है।
रहरा थाना क्षेत्र के गांव चकफेरी निवासी युवक की बरात रविवार को हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव बाईखेड़ा में आई थी। यहां रात करीब दस बजे दुल्हन की विदाई हो रही थी। दूल्हा और दुल्हन पर कुछ लोग पैसे लुटा रहे थे। इसी दौरान दूल्हे के साढ़ू ने उनसे चिल्लर की बजाय नोट फेंकने के लिए कहा। इसी को लेकर कहासुनी हो गई और मारपीट शुरू हो गई। जमकर लात-घूंसे चले। मारपीट में दूल्हे का भाई सुरेश और एक अन्य युवक घायल हो गया।
इसके बाद मामले को निपटने के लिए गांव में पंचायत भी हुई। लेकिन पंचायत में हल नहीं निकला तो रात में ही दूल्हे का भाई कार्रवाई के लिए थाने पहुंचा। शिकायत मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच कर रही है। सीओ दीप कुमार पंत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। अभी कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।