मंडी धनौरा (अमरोहा)। दहेज की मांग पूरी नहीं होने व शादी के सात साल बाद भी संतान नहीं होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को मारपीट कर घर से निकाल दिया। धक्का देने से विवाहिता का एक दांत भी टूट गया। पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
मोहल्ला महादेव निवासी सुरेंद्र शर्मा द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक उन्होंने अपनी बेटी भूमिका की शादी 2018 में मोहल्ले के ही अनुभव गौड़ के साथ की थी। शादी में कार के अलावा तमाम कीमती सामान व जेवर आदि दिए थे। पिता का कहना है कि शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग प्लॉट खरीदने के लिए 10 लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर बेटी का उत्पीड़न करने लगे। बेटी के कहने पर ससुरालियों को कई बार रुपये दिए गए। पति अनुभव ने उसकी बेटी के नाम से एक मार्ट खोला था।
सुरेंद्र शर्मा का कहना है कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर मार्ट का नाम बदल दिया गया। पिता का आरोप है कि शादी के सात साल बाद भी संतान नहीं होने पर बेटी पर अश्लील कमेंट किए गए। उसको मारपीट कर धक्का देकर घर से निकाल दिया। जमीन पर गिरने से उसका एक दांत भी टूट गया। प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र कुमार ने बताया कि पति अनुभव, ससुर मुकेश शर्मा, सास सर्वेश शर्मा व देवर प्रियम शर्मा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।