हसनपुर(हसनपुर)। नगर के एक मोहल्ले में दूसरी शादी रचा रहे जोड़े की पुलिस ने शादी रुकवा दी। हुआ यूं कि दोनों ही पहले से शादीशुदा हैं। युवक की पहली पत्नी व युवती का पहला पति ऐन मौके पर पहुंच गए। फेरे लिए जाने की तैयारी थी। सूचना मिलने पर पुलिस पहुंच गई। पहली पत्नी अपने साथ अपने पति को ले जानी की जिद करने लगी और दूसरा पति अपनी पति को दूसरी शादी करने से रोकने लगा। मामला थाने पहुंच गया। जांच पड़ताल की जा रही है। फिलहाल पुलिस ने युवक और युवती को उनके घर भेज दिया है।
बताते हैं कि कोतवाली क्षेत्र के गांव निवासी एक युवक चार बरातियों को साथ लेकर नगर के एक मोहल्ले में ब्याह रचाने पहुंचा था। फेरे लिए जाने की तैयारी थी। ऐन मौके पर नगर निवासी एक युवक व गजरौला निवासी एक युवती पहुंच गए। होने जा रही शादी को रोकने के लिए कहा। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शादी को रुकवा दिया। उपनिरीक्षक संजीव मलिक ने बताया कि दूसरी शादी रचाने की कोशिश करने वाले युवक की वर्ष 2012 में गजरौला निवासी युवती से शादी हो चुकी है। पांच साल की एक बेटी भी है। काफी दिन से घरेलू विवाद में पत्नी मायके में रह रही है। वहीं जो युवती दूसरी बार दुल्हन बनने जा रही थी उसकी शादी वर्ष 2013 में नगर के ही एक युवक के साथ हो चुकी है। पति-पत्नी मे अनबन के चलते काफी दिनों से युवती मायके में रह रही थी। फिलहाल शादी को रुकवा दिया गया है। जांच पड़ताल के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।