अमरोहा। जिले में पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठने के बीच एसपी अमित कुमार आनंद ने लापरवाही और भ्रष्टाचार के मामलों में सख्त रुख अपनाया है।
बीते दिनों कई घटनाओं में पुलिसकर्मियों की भूमिका संदिग्ध पाए जाने पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दर्जनों पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है, जबकि कुछ को लाइन हाजिर किया गया है।
तिगरी मेले जैसे संवेदनशील आयोजन में ड्यूटी से नदारद मिलने पर चार दरोगा समेत 12 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। एसपी ने रात और सुबह निरीक्षण के दौरान पाया था कि कई पुलिसकर्मी अपने ड्यूटी प्वाइंट से गायब थे, जबकि मेले में भारी संख्या में श्रद्धालु मौजूद थे।
वहीं, बीते दिनों मंडी धनौरा से भाजपा विधायक राजीव तरारा की कार पर पथराव की घटना में पुलिस की देरी भी मुद्दा बनी। आधे घंटे तक पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने पर एसपी ने एसएसआई सतीश मौर्या, चौकी इंचार्ज जुगल किशोर और सिपाही अंकुश को निलंबित कर दिया।
एसपी अमित कुमार आनंद ने बताया कि पुलिस विभाग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिम्मेदार सभी कर्मियों को अपनी ड्यूटी पूरी ईमानदारी और सतर्कता के साथ निभानी होगी, अन्यथा सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।संवाद