अमरोहा। मंडी धनौरा पुलिस ने अंतरजनपदीय ई-रिक्शा चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए बिजनौर और अमरोहा शहर के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी की तीन ई-रिक्शा, एक ईको कार, 12 बैटरियां और अन्य पुर्जे बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है।
एसपी लखन सिंह यादव ने रविवार को पुलिस ऑफिस में खुलासा करते हुए बताया कि जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी अखिलेश भदौरिया के मार्गदर्शन में मंडी धनौरा इंस्पेक्टर अमरपाल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहन चेकिंग के दौरान रामगंगा पोषक नहर पटरी के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे सुनसान स्थानों पर खड़े ई-रिक्शा की रेकी कर उन्हें चोरी करते थे। चोरी के बाद ई-रिक्शा के पार्ट्स अलग-अलग कर कबाड़ियों को बेच देते थे। गिरोह का सदस्य पिंटू अमरोहा में कबाड़ी की दुकान चलाता है, जहां चोरी के पुर्जों को आसानी से खपाया जाता था। पहचान छिपाने के लिए आरोपी ई-रिक्शा की नंबर प्लेट तोड़ देते थे और चेसिस नंबर को ग्राइंडर से मिटा देते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में नईम और नाजिर निवासी गांव राजा का ताजपुर, थाना नूरपुर, जिला बिजनौर तथा पिन्टू निवासी मोहल्ला छेवड़ा, अमरोहा नगर शामिल हैं। तीनों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक प्राथमिकी दर्ज हैं।
बरामदगी के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में बढ़ोतरी की है। इस सराहनीय कार्य के लिए एसपी ने टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देकर उत्साहवर्धन किया। एसपी के मुताबिक आरोपियों के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।