बिजली गिरने से नौगावां सादात के गांव अव्वलपुर में भट्ठा मजदूर की मौत हो गई। जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं एसडीएम ने परिवार को आर्थिक मदद का भरोसा दिलाया है।
नौगावां सादात थाना क्षेत्र के गांव अव्वलपुर निवासी रामरतन सिंह (47) भट्टे पर मजदूरी करते थे। रामरतन चार भाइयों में सबसे बड़े थे। जबकि उनके परिवार में पत्नी के अलावा दो बेटे और दो बेटी हैं। बुधवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे रामरतन अमरोहा निवासी साथी मजदूर के साथ साइकिल से भट्ठे पर जा रहे थे। दोनों मजदूर भट्ठे पर पहुंचे भी नहीं थे कि आसमान में कड़की बिजली जमीन पर आ गिरी। दोनों की मजदूर बिजली की चपेट में आ गए। इसमें रामरतन की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जमा हो गई और आनन-फानन में घायल मजदूर को अमरोहा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की जानकारी मिलते ही चींखते-चिल्लाते परिजन भी मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने लाश को कब्जे में लिया तो बदहवास परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। डीएम हेमंत कुमार के निर्देश पर एसडीएम संजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए और परिजनों को सरकार से आर्थिक सहायता मुहैया कराने का आश्वासन दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।