मंडी धनौरा। बजरंग दल पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले युवक को पकड़ने पुलिस का उसकी पत्नी ने विरोध किया और हंगामा करने लगी। हालांकि, पुलिस हलका बल प्रयोग करते हुए युवक को पकड़कर थाने ले आई। उधर, दरोगा की तहरीर पर दंपती के खिलाफ सरकारी काम में बाधा पहुंचने की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
प्रभारी निरीक्षक बालेंद्र कुमार ने बताया कि बजरंग दल के पदाधिकारी ने पुलिस को सूचना दी कि गांव हलुपुरा निवासी अली आजम बजरंग दल को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर रहा है। इस पर उपनिरीक्षक अनिल कुमार त्यागी रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस के साथ पहुंचे और शिकायत का हवाला देते हुए आजम को पूछताछ के लिए थाने ले जाने लगी।
आरोप है कि उसकी पत्नी शाईस्ता ने पुलिस को विरोध किया और हंगामा करते हुए पुलिस से पति को छुड़ाने की कोशिश की। पुलिस हलका बल प्रयोग करते हुए अली आजम को अपने साथ ले आई। पुलिस ने अली आजम व उसकी पत्नी शाईस्ता केे खिलाफ सरकारी काम में बाधा की रिपोर्ट दर्ज कर ली। अली आजम को अदालत में पेश किया गया है।