भीषण गर्मी का शनिवार को कहर टूटा। धनौरा और बछरायूं में एक महिला समेत दो की मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि गर्मी की वजह से अचानक हालत बिगड़ गई आैर चक्कर आने के बाद दोनों की ह्दयगति थम गई।
धनौरा के मुहल्ला गढ़ी निवासी रविंद्र बंसल मय परिवार के बीते मंगलवार को राजस्थान में स्थित बालाजी के दर्शन के लिए ट्रेन से मेंहदीपुर गए थे। वापसी में दिल्ली से पहले ट्रेन में उनकी पत्नी संध्या(48)तबियत खराब हुई। अगले रेलवे स्टेशन पर उतार कर चिकित्सक को दिखाया गया तो उसने मृत घोषित कर दिया।
रविंद्र अग्रवाल ने बताया कि पत्नी रास्ते में गरमी की वजह से परेशान थी। वहीं कस्बा बछरायूं के मुहल्ला पठियापुरा निवासी साबिर पुत्र मुजफ्फर हुसैन (40)की भी शनिवार की दोपहर गर्मी की वजह से हालत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि साबिर ने चक्कर आने की शिकायत की और बेहोश हो गए।
डाक्टर को दिखाया तो उसने मृत घोषित कर दिया। इससे पहले बीते शनिवार को हन्नूपुरा के ग्राम चौकीदार प्रीतम पुत्र रामस्वरूप की गर्मी की वजह से मौत हो गई थी।एसडीएम आजाद भगत सिंह का कहना है कि, गर्मी की वजह से मौत की घटना की उनके पास कोई जानकारी नहीं है।