कलक्ट्रेट सभागार में महाशिवरात्रि की तैयारियों को लेकर डीएम की अध्यक्षता में बैठक हुई। इसमें अधिकारियों को पथ प्रकाश व्यवस्था, मंदिरों के आसपास सफाई, सड़क किनारे से झाड़ियां और गड्ढे वाले रास्तों को दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।
डीएम निधि गुप्ता वत्स ने कहा कि 26 फरवरी को शिवालयों में जलाभिषेक होगा। उन्होंने कहा कि मंदिरों में आने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो, इसके लिए मंदिरों में सफाई व्यवस्थाएं दुरुस्त कराएं। कांवड़ मार्गों की मरम्मत करा दी जाए, जिससे शिवभक्तों को आने जाने में परेशानी न हो सके। डीएम ने थाना अध्यक्षों और आयोजकों से व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
डीएम ने कहा कि एसडीएम और सीओ समय समय पर भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहें। शिविरों में बिजली से संबंधित कोई भी दिक्कत नहीं होनी चाहिए, जो पॉइंट है उनको चेक कर लें कहीं पर भी खुले तार न हो। शिविर कांवड़ को प्लास्टिक और पाॅलीथीन मुक्त किया जाए। साथ ही सभी आयोजकों की जानकारी एक रजिस्टर में रखें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा सभी मुख्य बिंदुओं पर एम्बुलेंस की तैनाती कर दिया जाए। राष्ट्रीय राजमार्ग पर कैमरे अवश्य संचालित होने चाहिए। एसपी अमित कुमार आनंद ने कहा कि महाशिवरात्रि और कांवड़ यात्रा में पीस कमेटी के लोग पुलिस प्रशासन का सहयोग करें।