अमरोहा। हिल्टन कॉन्वेंट विद्यालय में खेलोत्सव पराक्रम उत्सव 3 कार्यक्रम में खो-खो खेल का मैच महाराणा प्रताप हाउस एवं लक्ष्मीबाई हाउस के बीच हुआ। इसमें महाराणा प्रताप हाउस ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। इसके बाद खो-खो मैच में ही दूसरा मुकाबला छत्रपति शिवाजी एवं भगत सिंह हाउस के बीच हुआ। इसमें छत्रपति शिवाजी हाउस में जीत हासिल की। वहीं, कक्षा 1 से 5 तक के छात्र-छात्राओं की स्पून रेस भी आयोजित की गई।
खेलोत्सव की शुरुआत एडीएम न्यायिक माया शंकर यादव ने की। कहा कि यह खेलोत्सव विद्यालय के छात्रों के शारीरिक, मानसिक और सामूहिक विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल छात्रों को खेलों के प्रति प्रेरित करने के लिए है, बल्कि उनके आत्मविश्वास, अनुशासन और टीमवर्क की भावना को भी प्रगति देने का एक शानदार अवसर है। यह आयोजन 24 दिसंबर को पुरस्कार वितरण के साथ समाप्त होगा। कहा कि खिलाड़ी न केवल खेलों में अपनी प्रतिभा दिखाएं बल्कि खेल भावना और टीम वर्क का भी आदान-प्रदान करें। इस दौरान प्रबंधक अनुराग सैनी, निदेशिका भावना सैनी, प्रधानाचार्य अवनीश शर्मा, खेल प्रशिक्षक उत्कर्ष अग्रवाल, सनी दुआ, मंजू माहेश्वरी, साक्षी सिरोही, बाकेश चौहान, निर्भय विश्नोई आदि मौजूद रहे।