आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव हैदलपुर और पथरा में अमरोहा और बुलंदशहर के वन विभाग की भूमि है। यहां भूमाफिया ने वन विभाग की सैकड़ों बीघा जमीन पर कब्जा कर रखा है। जिन जमीनों पर किसानों की फसलें लहरा रही हैं। उस पर भी भूमाफिया नजर गढ़ाए हुए हैं। भूमाफिया ने सोमवार की रात पथरा गांव के कई किसानों के खेतों में लहरा रही सरसों की फसल पलट दी।
पीड़ित किसानों ने रहरा चौकी पुलिस को मामले की जानकारी देते हुए तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। खास बात ये है कि हैदलपुर में पिछले दिनों भी बुलंदशहर और हसनपुर के भूमाफिया के लिए कई दिन तक लगातार फायरिंग हुई थी। इसके बावजूद वन विभाग और पुलिस कोई ठोस कदम उठाने में असफल है। वन विभाग और पुलिस की अनदेखी कहीं क्षेत्र की फिजा न खराब कर दे।।
विज्ञापन
गांव पथरा के राजपाल, सुभाष, अशोक व रामवती ने रहरा पुलिस चौकी में तहरीर दी है। पीड़ित किसानों का कहना है कि गांव के रकवे में उनकी जमीन है। जहां सरसों की फसल खड़ी थी। जमीनों पर क्षेत्र के कुछ भूमाफिया की नजर रहती है। जिसके चलते सोमवार की रात किसी समय माफिया ने अपनी दबंगई के चलते उनकी फसलें पलट दी।
मंगलवार को जब किसान खेत पर पहुंचे तो फसल पलटने की जानकारी हुई। काफी नुकसान हुआ है। आर्थिक संकट गहरा गया है। पीड़ित किसानों ने पुलिस से कार्रवाई कर मदद की गुहार लगाई है। उधर, रहरा चौकी इंचार्ज किरन पाल सिंह ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई है। उन लोगों को चौकी बुलाया गया है। पूछताछ के बाद अगली कार्रवाई की जाएगी।