बुरावली(अमरोहा)। आदमपुर थाना क्षेत्र में एक बार फिर बदमाशों ने आतंक मचाना शुरू कर दिया है। बुधवार रात बदमाशों ने दो वारदातों को अंजाम दिया। एक घर में सोते हुए नवदंपति को कमरे में बाहर से बंद कर दिया तो दूसरी जगह चोरी की वारदात को अंजाम दिया। दोनों घटनाओं से बदमाश 68 हजार की नकदी समेत करीब सात लाख का माल समेटकर ले गए। पुलिस घटना की जांच पड़ताल कर रही है।
क्षेत्र के गांव फरोटा में हरिओम शर्मा का परिवार रहता है। उनका घर गांव के बाहरी छोर पर बना हुआ है। रोजाना की तरह बुधवार रात को हरिओम शर्मा व उनकी पत्नी मुनेश देवी व छोटा बेटा नीरज शर्मा घर की छत पर सो रहे थे। जबकि बड़े बेटे पवन की बहू रीमा घर के बरामदे में और छोटा बेटा अमित व उसकी पत्नी काजल कमरे में सो रहे थे। हरिओम शर्मा के मुुताबिक करीब दो बजे चार पांच बदमाश दीवार फांदकर घर में दाखिल हो गए। जिस कमरे में पवन व काजल सो रहे थे। उस कमरे को खंगालने के बाद कमरे का बाहर से दरवाजा बंद कर दिया। इसके बराबर में दूसरे कमरे में भी संदूक से नकदी व आभूषण समेट लिए। जाते समय बदमाशों ने बरामदे में सो रही पवन की पत्नी रीमा के कानों कुंडल खींच लिए। रीमा की चीख निकली तो घर में बदमाशों के होने का पता चला। शोर शराब होने पर बदमाश दीवार फांदकर फरार हो गए। हरिओम शर्मा ने बताया कि दस तोले सोने के आभूषण, डेढ़ किलो चांदी के आभूषण व पचास हजार की नकदी समेत करीब छह लाख रूपये का माल बदमाश ले गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। उधर, बदमाशों ने पड़ोसी गांव हिरनोटा में जगपाल सिंह के घर को निशाना बना लिया। यह घर भी बाहरी छोर पर बना हुआ है। घर के पीछे की तरफ गन्ने कसा खेत है। जगपाल सिंह पत्नी किरन देवी व पुत्रवधू प्रियंका घर की छत पर सो रहे थे। जबकि नीचे कमरे में बेटे आशीष व उसकी पत्नी सोनम सो रहे थे। दीवार फांदकर बदमाश घर में घुस गए। घर खंगालने के बाद बदमाश संदूक लेकर दीवार से खेत की तरफ कूद गए। आवाज होने पर जाग हो गई। शोर मचाने पर बदमाश फरार हो गए। किरन देवी ने बताया कि गौरव के कमरे से दस हजार की नकदी, सोने चांदी के आभूषण, जरूरी कागजात चोरी हो गए। जबकि आशीष के कमरे में आठ हजार की नकदी, सोने की झुमकी, पायल, जरूरी कतागजात चोरी हो गए। पुलिस को जानकारी दी गई है।
-गांव में चोरी की होने की बात सामने आई है। मामले की तहरीर मिली है। घटना की जांच पड़ताल कराई जा रही है। शीघ्र ही मामले में कार्रवाई की जाएगी।
--अमित कुमार मान, चौकी इंचार्ज, रहरा पुलिस चौकी, थाना आदमपुर।