गजरौला। थाना क्षेत्र के तीन गांवों में बदमाशों ने गनप्वाइंट पर तीन घरों में घुसकर नकदी, मोबाइल, कुंडल आदि लूट लिए। इसके बाद ग्रामीणों को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। थाना क्षेत्र में एक ही रात में तीन स्थानों पर हुई लूट की घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं। वहीं पुलिस ने जांच कर कार्रवाई की बात कही है।
बुधवार को थाने पहुंचे कुलदीप पुत्र जगपाल सिंह निवासी तिगरिया खादर ने बताया कि मंगलवार की रात को वह अपनी पत्नी प्रवेश देवी के साथ घर में सो रहा था। रात में दीवार फांदकर घर में घुसे दो सशस्त्र बदमाशों ने उन्हें आतंकित कर पीटा। इसके बाद घर में रखी एक हजार की नकदी और मोबाइल के साथ ही उसकी पत्नी के कान पर झपट्टा मारकर सोने के कुंडल भी लूट लिए। इसके बाद वे उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। बदमाशों के जाने के बाद कुलदीप ने शोर मचाया और पुलिस बुला ली। पुलिस ने रात में ही छानबीन की लेकिन बदमाश फरार हो चुके थे। कुलदीप ने बताया कि दो जुलाई को उसकी बहन की बारात आनी है। मां और बहन इसी सिलसिले में रिश्तेदारी में गई हुई हैं। वहीं पुलिस ने लूट की इस घटना को चोरी करार देते हुए जांच के उपरांत कार्रवाई की बात कही है। वहीं दूसरी घटना पड़ोसी गांव सादुल्लेपुर में मदनपाल के घर पर हुई। इसके घर पर तीन बदमाश पहुंचे और पत्नी राजबाला को ईंट से डराकर दोनों कानों के कुंडल लूट लिए। तीसरी घटना तीसरे गांव फिरोजपुर गढ़ावली में हुई। यहां के रहने वाले नवाब के घर भी दो बदमाश पहुंचे और तमंचे के बल पर डरा-धमकाकर पत्नी के कुंडल एवं एक मोबाइल लूटकर फरार हो गए। थाना क्षेत्र में एक ही रात में लूट की तीन घटनाओं से ग्रामीण दहशत में हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि घटनाओं की जांच कराई जा रही है।