गजरौला। दिल्ली की वजीराबाद थाना पुलिस ने व्यापारी के घर बीते महीने हुई लूट में गए 18 लाख रुपये के आभूषण खरीदने के आरोपी ज्वैलर्स के यहां छापा मारा। दिल्ली पुलिस मुठभेड़ में पकड़े और वारदात में शामिल रहे बदमाश को साथ लेकर आई थी। उसकी निशानदेही पर छापा मारा गया। मगर ज्वैलर्स सूचना लीक हो जाने के कारण हाथ नहीं लगा।
दिल्ली के वजीराबाद थाना क्षेत्र में बदमाश व्यापारी की हत्या कर 18 लाख रुपये के आभूषण लूट ले गए। दिल्ली की वजीराबाद थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान एक बदमाश पकड़ा। उसने पुलिस पूछताछ में लूटे गए आभूषण गजरौला के मौहल्ला बस्ती निवासी एक ज्वैलर्स के यहां बेचना कबूल किया। शुक्रवार सुबह वजीराबाद थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच ने आभूषण खरीदने वाले ज्वैलर्स की तलाश में घायल बदमाश की निशानदेही पर मोहल्ला बस्ती में उसके घर व दुकान पर छापा मारा। काफी देर रात तक पुलिस ज्वैलर्स को तलाश करती रही, लेकिन सूचना लीक हो जाने के कारण वह हाथ नहीं लगा। पुलिस बैरंग लौट गई। इस ज्वैलर्स पर दो साल पूर्व भी बाहर से चोरी किया गया जेवर खरीदने के आरोप लगे थे। तब मेरठ की पुलिस उठा ले गई थी। अब लूट के आभूषण खरीदने के आरोप में दिल्ली पुलिस तलाश कर रही है। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि दिल्ली के वजीराबाद की पुलिस गजरौला आईं थी।
गजरौला का बदमाश नजाकत दिल्ली एनसीआर में कर चुका है सौ से अधिक वारदात
दिल्ली की वजीराबाद थाना पुलिस व क्राइम ब्रांच शुक्रवार को जिस बदमाश को साथ लेकर आई, वह गजरौला थाना क्षेत्र के सुनपुर गांव का नजाकत है। वह हाई स्पीड बाइक का शौकीन बताया जाता है। शौक पूरे करने के लिए उसने लूट व चेन स्नेचिंग की रकम से बाइक खरीदी। जिससे लूट, चेन स्नेचिंग की घटनाओं को अंजाम देता है। वह सौ से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसके खिलाफ एनसीआर के विभिन्न थानों में 70 मुकदमे दर्ज हैं।