हसनपुर(अमरोहा)। पुलिस ने शराब सेल्समैन से लूट व पुलिस टीम पर फायरिंग करने के दो अलग-अलग मामलों में वांछित चल रहे दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। दोनों के पास से तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।
बताते हैं कि कोतवाली क्षेत्र में 11 फरवरी को अतरासी मार्ग पर गांव रजोहा के पास शराब सेल्समैन लोकेंद्र की बाइक को टक्कर मारकर कार सवार बदमाशों ने 79 हजार की नकदी लूट ली थी। पीछा करते हुए पुलिस ने जंगल से बदमाश अरूण को गिरफ्तार कर लिया था। उसकी पैर में गोली लग गई थी। मुठभेड़ के दौरान दरोगा जितेंद्र सिंह भी घायल हुए थे। करीब 48 हजार की नकदी बरामद की गई थी। मौके से तीन बदमाश फरार हो गए थे। इसके कई दिन बाद पुलिस ने मौके से फरार हुआ बदमाश आफताब को घटना में प्रयुक्त कार के साथ पकड़ा था। एसएसआई वेद सिंह ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने इसी घटना में शामिल शहजाद निवासी गांव रसूलपुर थाना मैनाठेर जनपद मुरादाबाद को गिरफ्तार किया है। इसके बाद से तमंचा और कारतूस के अलावा एक हजार आठ सौ रुपये की नकदी बरामद की गई है। बताया कि 23 नवंबर को कनेटा रोड पर पुलिस टीम पर फायरिंग व कालाखेड़ा में चोरी के मामले में पांच बदमाशों के खिलाफ मुकदमा हुआ था। इसमें से चार बदमाशों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पिपलौती निवासी सलमान फरार चल रहा था। सोमवार को सलमान को गिरफ्तार कर लिया गया। तमंचा व कारतूस बरामद किया गया है।