गजरौला(अमरोहा)। सावन माह के पहले सोमवार और कांवड़ियों की आवाजाही के साथ हाईवे पर भारी वाहनों के लिए रूट डायवर्जन लागू हो गया। जबकि, दोपहर तक हाईवे वन वे ही था लेकिन, रूट डायवर्जन होने के बाद भारी वाहनों के आ जाने के कारण हाईवे पर जाम लग गया। जाम पांच किमी तक लगा रहा। इस बीच जाम फंसी एंबुलेंस चालक को डिवाइडर से पार कर निकालनी पड़ी। जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए।
शनिवार को कांवड़ यात्रा और सावन के पहले सोमवार को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने हाईवे को वन वे कर दिया था। छोटे-बड़े सभी वाहनों को मुरादाबाद से दिल्ली लेन पर डायवर्ट कर दिया गया था। जबकि, कांवड़ियों के लिए दिल्ली से मुरादाबाद लेन सुरक्षित कर दी गई थी। लेकिन, सावन के पहले सोमवार को मद्देनजर रविवार दोपहर को ट्रक, डीसीएम और मालवाहक वाहनों के लिए रूट डायवर्ट प्लान लागू कर दिया गा। उन्हें प्रस्तावित रूटों से गुजारा जाने लगा।
इधर, ट्रैफिक वनवे चल रहा है, लेकिन, पाबंदी होने के बावजूद रविवार दोपहर बाद कुछ भारी वाहन हाईवे पर आ गए। जिसके चलते हाईवे पर जाम लग गया। चौपला फ्लाईओवर से ब्रजघाट की तरफ चार किमी लंबे जाम में वाहन फंस गए। जाम के कारण वाहन निकलने को जगह नहीं बची। एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। जिसके चलते चालक जान जोखिम में डाल कर एंबुलेंस को डिवाइडर से उतार कर दूसरी लेन पर ले गया। जाम खुलवाने में पुलिसकर्मियों के पसीने छूट गए।
सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि जाम खुलवाया जा रहा है। बताया कि रूट डायवर्जन सोमवार दोपहर तक लागू रहेगा।