अमरोहा। शहरों में अपराध नियंत्रण के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने की कवायद तो पुरानी हो गई है अब गांव में भी पुलिस की तीसरी आंख का पहरा होगा। बदलते दौर के साथ अब ग्राम पंचायतें भी हाइटेक होंगी। जिले की ग्राम पंचायतों में ''''ऑपरेशन त्रिनेत्र'''' के तहत सीसीटीवी कैमरे व पब्लिक एड्रेस सिस्टम, लाउडस्पीकर लगवा कर हाईटेक बनाया जा रहा है।
कैमरों से जहां अपराध पर लगाम लगेगी, वहीं लाउडस्पीकर से आपात स्थिति व मौसम से जुड़ी आपदाओं के निर्देशों को ग्रामीणों तक पहुंचाकर आसानी से सजग किया जाता रहेगा। गांव-गांव में चौक-चौराहों व धार्मिक स्थलों पर कैमरे लगेंगे। इन कैमरों को थाने के कंट्रोल रूम से जोड़ा जाएगा। कैमरे से न सिर्फ घटना अनावरण में मदद मिलेगी बल्कि फुटेज साक्ष्य के रूप में अपराधियों को सजा दिलाने में भी मददगार साबित होगी।
इसके लिए अपर मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ने जिलाधिकारी को पत्र जारी करते हुए संबंधित विभाग के जरिए ऑपरेशन त्रिनेत्र के क्रियान्वयन के निर्देश दिए है। जिले की 467 ग्राम पंचायत में प्रमुख स्थानों चौराहों व तिराहों पर सीसीटीवी कैमरे व लाउडस्पीकर लगाने के लिए स्थान चयन की जिम्मेदारी ग्राम प्रधान, पंचायत सचिव, पंचायत सहायक, स्वयं सहायता समूह व वरिष्ठ नागरिकों के मार्गदर्शन में होनी है। अभियान में पुलिस अधिक से अधिक संख्या में जन सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगवाने पर जोर दे रही है। आपराधिक घटना व सड़क दुर्घटना के बाद खुलासे की चुनौती में सीसीटीवी कैमरा पुलिस की मदद करेगा।
-
अपराधियों पर होगी त्वरित कार्रवाई
महिलाओं व आमजन की सुरक्षा, घटनाओं का अनावरण, निर्दोष को बचाने व वास्तविक अपराधी को खोजने में मदद मिलेगी। इतना ही जनसामान्य में पुलिस के प्रति जुड़ाव की भावना का विकास होगा। अपराधियों को सजा दिलाने में फुटेज कारगर साबित होगी।
-
ये रहेंगे मानक
''''आपरेशन त्रिनेत्र'''' को लेकर की जाने वाली संसाधनों की खरीद में मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कैमरे की गुणवत्ता पर विशेष तौर पर ध्यान दिया जाएगा। सटीक फोटो प्राप्त हो सके रात में फुटेज कैप्चर ठौक से हो, इसे सुनिश्चित कराया जाएगा।
पब्लिक एड्रेस सिस्टम का प्रयोग होगा क्रांतिकारी कदम
अमरोहा। मिशन शक्ति अभियान को ऑपरेशन त्रिनेत्र के जरिए आसानी से सफल बनाया जा सकेगा। महिला सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ ही अपराधों पर अंकुश लग सकेगा। पब्लिक एड्रेस सिस्टम के जरिए आपात स्थिति में त्वरित सहायता मिल सकेगी। विभिन्न विभागों की ओर से चलाए जाने वाले जागरूकता अभियान को लाउडस्पीकर के माध्यम से सफलतापूर्वक साकार किया जा सकेगा। ग्राम पंचायत सचिवालय में कंट्रोल रूम के जरिए दोनों व्यवस्थाओं की कमांडिंग की जाएगी।
-
कैमरे खोलेंगे गांव में साफ-सफाई की पोल
अमरोहा। सीसीटीवी कैमरों से ग्राम पंचायतों की स्वच्छता व्यवस्था की मानीटरिंग आसानी से और पारदर्शी ढंग हो सकेगी। इसमें सफाई से लेकर कूड़ा फैलाने वालों को आसानी से चिह्नित किया जा सकेगा। खानापूरी करने वाले सफाईकर्मी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बेनकाब हो सकेंगे। इस व्यवस्था से सीधे तौर पर ग्रामीणों को लाभ पहुंचेगा।
-
ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत शहर की तरह गांवों में चौक-चौराहों व संवेदनशील स्थानों पर जन सहयोग से सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। गांव में लगे कैमरों का कंट्रोल रूम थाने में रहेगा। जबकि डीबीआर को गांव में ही महफूज स्थान पर रखा जाएगा। कैमरे लगने के बाद महिलाओं व आमजन की सुरक्षा, घटनाओं का अनावरण, निर्दोष को बचाने और वास्तविक अपराधी को खोजने में मदद मिलेगी।-कुंवर अनुपम सिंह, एसपी अमरोहा