अमरोहा। शहर में पीरगढ़ मोहल्ले के लोगों ने 11 हजार वोल्टेज के तार में प्लास्टिक डालने का विरोध शुरू कर दिया। जेई ने लोगों को समझाने की कोशिश की लेकिन मोहल्ले के लोगों ने विवाद शुरू कर दिया। मोहल्ले के लोगों ने सीमेंट के खंभे को तोड़ दिया। जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख कर लोग भाग निकले। इसके चलते बिजली आपूर्ति बाधित कर दी गई। देर शाम को मोहल्ले में बिजली बहाल हुई।
पीरगढ़ मोहल्ले में 11 हजार वोल्टेज का तार गुजरा है। सोमवार को दोपहर 12 बजे बिजली कर्मी मौके पर पहुंचें। उन्होंने आबादी वाले इलाके में बिजली के तार में प्लास्टिक डालना शुरू कर दिया। यह देख मोहल्ले के लोग विरोध पर उतर आए। दरअसल 30 अक्तूबर को हाईटेंशन तार की चपेट में आने से दीपांशु नामक बच्चा झुलस गया। लोगों का कहना था कि अब 11 हजार वोल्टेज से बिजली की सप्लाई नहीं होगी। इसके चलते बिजली के तार में प्लास्टिक नहीं डाला जाए। जेई उदयराज ने लोगों को समझाने की कोशिश की। हालांकि लोग विवाद पर उतर आए। माहौल बिगड़ता देख पुलिस को सूचना दी गई। इसी बीच लोगों ने सीमेंटेड बिजली के खंभे को तोड़ना शुरू कर दिए। टीपी नगर की पुलिस मौके पर पहुंची। उसने लोगों को समझाने की कोशिश की। पुलिस ने सख्ती बरती। तेवर देख लोग भाग निकले।
बिजली की टीम तार में प्लास्टिक लगा रही थी। इसको लेकर लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। जेई से लोगों ने विवाद किया। इसके अलावा खंभा तोड़ दिया है।
- अरविंद नागर, एसडीओ