गजरौला (अमरोहा)। आईएमएस कालेज के पास हाईवे पर अचानक तेंदुए को देखकर वहां से गुजर रहे वाहनों में सवार लोगों की घिग्घी बंध गई। इमरजेंसी ब्रेक लगाकर वाहन रोक दिए। इसके बाद तेंदुआ सड़क पार कर खेतों में जाकर गुम हो गया। जहां से कुछ देर तक तेंदुए की गुर्राहट भी सुनाई दी। बाद में सभी लोग अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
शनिवार की सुबह लगभग साढ़े चार बजे घने कोहरे में वाहन रेंग-रेंगकर चल रहे थे। इसी दौरान हाईवे पर स्थित आईएमएस कालेज के पास गांव कुदैना चक की ओर से अचानक ही एक तेंदुआ गुर्राते हुए सड़क पर आ गया। वहां पानी चलाने खेत में जा रहे ग्रामीण हरदेव और नरोत्तम की निगाह उस पर पड़ी तो उनकी चीख निकल गई। गुजर रहे वाहन चालकों ने भी ब्रेक लगा दिए। ग्रामीणों के मुताबिक कुछ क्षण बाद ही तेंदुआ कांकाठेर की साइड में खेतों में चला गया। वहीं अचानक ही तेंदुए को सामने देख वाहनों में बैठे लोगों की घिग्घी बंध गई। ग्रामीणों का कहना था कि तेंदुए की गुर्राहट सुनाई देनी बंद होने के बाद ही वाहन वहां से रवाना हुए। इस दौरान कई लोगों ने मोबाइल से वीडियोग्राफी भी करनी चाही लेकिन तेंदुआ पलक झपकते ही विलुप्त हो चुका था। कुछ दिन पूर्व इसी स्थान पर ब्रजघाट चौकी इंचार्ज एसआई मोहित बालियान ने भी रात के समय तेंदुआ दिखाई देने की बात कही थी। इसके बाद वन विभाग की टीम ने वहां कांबिंग भी कराई थी हालांकि तेंदुआ नहीं मिला था। वहीं पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र के कई गांवों में तेंदुए की गुर्राहट सुनाई देने की चर्चाएं जोरों पर हैं।