बुरावली। आदमपुर क्षेत्र के गांव मुबारिजपुर के जंगल में तेंदुए की दहशत बरकरार है। मंगलवार को एक खेत में गोवंशीय पशु को तेंदुए ने निवाला बना लिया। जिसके बाद ग्रामीणों ने तेंदुए की तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। जबकि वन विभाग के अधिकारी जानकारी से इंकार कर रहे हैं।
दो दिन पूर्व गांव मुबारिजपुर में ग्रामीणों ने जंगल में तेंदुआ देखा था। तेंदुए को लेकर ग्रामीणों में पहले से ही दहशत बनी हुई है। मंगलवार को जंगल में एक आवारा पशु को तेंदुए ने निवाला बना लिया। उसका शरीर का कुछ हिस्सा तेंदुए ने खा लिया। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। लाठी डंडे लेकर ग्रामीणों ने तेंदुए की तलाश की। ग्रामीणों का कहना है कि घटना की जानकारी देने के लिए कई बार वन विभाग के अधिकारियों को फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। तेंदुए को लेकर ग्रामीण अकेले जंगल में नहीं जा रहे हैं। क्षेत्रीय वन अधिकारी सुभाष चौधरी का कहना है कि मुबारिजपुर में तेंदुए देखे जाने की कोई सूचना प्राप्त नहीं हुई। यदि किसी पशु को जानवर ने मारा है तो इसकी जांच पड़ताल कराई जाएगी।