गजरौला (अमरोहा)। रात के समय अचानक ही सामने तेंदुए को देख श्रमिक के होश उड़ गए। इसके बावजूद उसने हिम्मत नहीं हारी और अपने साथी के साथ पास ही पत्थरों की आड़ में छिप गया। इसके बाद उसने ठेकेदार और गांव वालों को मोबाइल पर तेंदुए की मौजूदगी की जानकारी दी। कुछ ही देर में बाइकों और ट्रैक्टर-ट्रालियों में ग्रामीणों की भीड़ लाठी-डंडे और फावड़े लेकर वहां आ पहुंची। तब तक तेंदुआ वहां से ओझल हो चुका था। रात भर ग्रामीण उसे ढूंढते रहे लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद से श्रमिक और ग्रामीण दहशत में हैं।
शनिवार की रात लगभग 11 बजे तेंदुए को देखे जाने की यह घटना खादर के गांव पपसरा खादर में रिंग बंध के स्पर के निकट हुई। यहां ठेकेदार तारा सिंह का काम चल रहा है। श्रमिकों के विश्राम के लिए अस्थाई झोपड़ी बनाई हुई है। रात को गांव गजरौला प्रभुवन निवासी महिपाल सिंह और गांव पपसरा खादर निवासी बलवीर वहां सामान की निगरानी कर रहे थे। बताते हैं कि अचानक ही महिपाल सिंह बाहर आया तो उसने वहां सीसीटीवी कैमरों की सेफ्टी के लिए लगी लाइटों की रोशनी में कुछ ही दूरी पर तेंदुए को खड़े देखा। यह देख उसकी घिघ्घी बंध गई। उसने इशारे से बलवीर को अपने पास बुलाकर पास ही पत्थरों की आड़ में छिप गया। मोबाइल पर ठेकेदार और ग्रामीणों को इसकी जानकारी दी। कुछ ही देर में वहां तमाम ग्रामीण आ पहुंचे। तेंदुए को काफी तलाशा लेकिन नहीं मिला। वहीं गांव में तेंदुआ देखे जाने का ऐलान मस्जिद से होने के बाद ग्रामीणों के होश उड़ गए। वे रात भर सही ढंग से सोए तक नहीं।
अलीनगर में तेंदुए की सूचना पर पहुंची टीम
गजरौला। खादर के ही गांव अलीनगर में सुबह सवेरे तेंदुए को देख ग्रामीणों की होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। इस पर कुमराला चौकी के वन दरोगा मनोज चौधरी ने मौके पर टीम भेज दी। हालांकि तेंदुआ नहीं मिला। टीम ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत देकर लौट आई। रविवार की सुबह लगभग सात बजे खादर में ही गंगा के किनारे स्थित गांव अली नगर के ग्रामीण खेतों की ओर जा रहे थे। अचानक ही कुछ दूरी पर तेंदुए को देख उन्होंने शोर मचा दिया। तेंदुआ जंगल में गुम हो गया। घबराए ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। बाद में टीम मौके पर पहुंची लेकिन तेंदुआ वहां से जा चुका था।
खादर का इलाका सेंचुरी में आता है। यहां जंगली जानवरों की भरमार है। तेंदुए भी हैं। हो सकता है कि कोई तेंदुआ ग्रामीणों को दिखाई दिया हो। पपसरा खादर में रात को नजर आया तेंदुआ ही सुबह सवेरे अली नगर में भी देखा जा सकता है। वन विभाग की टीम कांबिंग कराएगी। जरूरत पड़ने पर वहां पिंजड़ा भी रखवाया जाएगा।
मनोज चौधरी, वन दरोगा