क्षेत्र के गांव होशंगपुर गुर्जर के जंगल में तेंदुआ दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सूचना पाकर वन विभाग की टीम गांव में पहुंची। ग्रामीणों संग जंगल में कांबिंग की, लेकिन कहीं तेंदुआ दिखाई नहीं दिया। क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक से ग्रामीणों में खासी दहशत है।
वन दरोगा राकेश कुमार ने बताया कि बुधवार की सुबह उनको क्षेत्र के गांव होशंगपुर गुर्जर से एक ग्रामीण ने फोन किया। ग्रामीण ने बताया कि गांव के जंगल में तेंदुआ देखा गया है। खेत में चारा काट रहे एक ग्रामीण ने काफी दूर दूसरे खेत में तेंदुए को जाते देखा। जिसके बाद दहशत के कारण ग्रामीण चुपचाप गांव में चला गया। यहां उसने तेंदुए देखे जाने के बारे में ग्रामीणों को जानकारी दी। इसके बाद ग्रामीण इकट्ठा होकर खेतों में पहुंचे। कुछ देर बाद वह भी स्टाफ के साथ जंगल में पहुंच गए। ग्रामीणों से जानकारी ली कि तेंदुए को किधर देखा गया था। जिन खेतों में तेंदुए को देखने का दावा किया गया था, ग्रामीणों संग उन खेतों में कांबिंग की। काफी देर तक खेतों में कांबिंग करने के बावजूद कहीं पर तेंदुआ दिखाई नहीं दिया। मगर क्षेत्र में तेंदुए की दस्तक के कारण ग्रामीणों में खासी दहशत है। वन दरोगा ने बताया कि तेंदुए की सूचना पर वह टीम के साथ गांव में गए थे, लेकिन तेंदुआ दिखाई नहीं दिया।